बागेश्वर। मुंबई से घर लौट रहा गरुड़ का एक युवक दिल्ली में जहरखुरानी का शिकार हो गया। जहरखुरानों ने युवक का सारा सामान लूट लिया। सूचना पर परिजन गांव से दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार गरुड़ विकासखंड का ज्वणा स्टेट निवासी दिनेश सिंह थायत पुत्र धन सिंह थायत मुंबई में होटल में काम करता है। वह एक अप्रैल को मुंबई से दिल्ली पहुंचा। वहां के एयरपोर्ट से हल्द्वानी के लिए रवाना हुआ, लेकिन रास्ते में उसे जहर खुरानी गिरोह ने नशीला पदार्थ खिलाकर लूट लिया।
उसका सामान लूटकर उसे अधमरा कर गए। दिल्ली पुलिस ने उसे चिकित्सालय पहुंचाया। पुलिस ने उसकी जेब से मिले परिचय पत्र के आधार पर उसके होटल स्टाफ को जानकारी दी। होटल प्रबंधन ने उसके घर जानकारी दी। सूचना पर युवक के पिता धन सिंह थायत दिल्ली रवाना हो गए हैं।