गरुड़ (बागेश्वर)। खोलिया विवकानंद इंटर कॉलेज ने वार्षिकोत्सव समारोहपूर्वक मनाया। बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुति दी। समारोह के मुख्य अतिथि विधायक चंदन राम दास ने कहा कि विद्या भारती के स्कूल बच्चों को संस्कारवान शिक्षा देने के साथ साथ बच्चों के भविष्य के प्रति भी चिंतित रहते हैं।
मुख्य अतिथि विधायक दास ने कहा कि खोलिया विवेकानंद इंटर कॉलेज ने सीमित संसाधनों के बावजूद गरुड़ क्षेत्र में शिक्षा की अमिट छाप छोड़ी है। उन्होंने कहा कि कॉलेज बच्चे हर साल हाईस्कूल और इंटर बोर्ड परीक्षा में मेरिट में आते हैं। इससे बड़ी खुशी और क्या है। विधायक ने पिछले वर्ष हाईस्कूल, इंटर की प्रदेश स्तरीय मेरिट में नाम दर्ज करने पर प्रकाश पांडे, गणेश पाठक, सौरभ मिश्रा, रेखा कोरंगा को स्मृति चिन्ह देख कर सम्मानित किया।
कॉलेज के प्रधानाचार्य कैलाश चंद्र जोशी ने कहा कि बच्चों के विकास के लिए कॉलेज के शिक्षक मेहनत से काम करते है। उन्होंने कहा कि कॉलेज के बच्चे ब्लॉक, जिला, प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने के साथ ही स्कूल का नाम रोशन करते है। विद्या भारती के प्रदेश निरीक्षक डॉक्टर विजय पाल ने कहा कि विद्या भारती के स्कूल संस्कारवान शिक्षा देने के साथ ही बच्चों के अभिभावकों के सीधे संपर्क में रहते है।
उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा की पहली सीढ़ी घर फिर स्कूल है। समारोह के दौरान बच्चों ने लोकनृत्य, कवि गोष्ठी कुमाऊंनी, गढ़वाली लोकगीत का गायन कर दर्शकों का उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम के दौरान डीईओ आकाश सारस्वत, बीईओ चंपा आर्या, जिला पंचायत सदस्य शिव सिंह बिष्ट हरी दत्त जोशी, स्कूल के प्रबंधक विपिन तिवारी, प्रधानाचार्य रंजीत सिंह भंडारी, बीआरसी समन्वयक उमेश जोशी, तारा सिंह रावत, आलम सिंह उनियाल आदि ने विचार रखे। जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक आकाश सारस्वत ने अध्यक्षता, शिक्षक चंद्रशेखर बड़सीला ने संचालन किया।