गरुड़ (बागेश्वर)। गरुड़ बाजार क्षेत्र में आए दिन लग रहे भीषण जाम की समस्या से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन ने अब कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। बाजार में यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने के लिए टैक्सी यूनियन, व्यापार मंडल और पुलिस प्रशासन की एक महत्वपूर्ण संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि बाजार क्षेत्र में दिन के समय भारी वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार अब सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक किसी भी भारी वाहन ट्रक, डंपर आदि को बाजार क्षेत्र में प्रवेश करने और सामान उतारने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इस नो एंट्री नियम से मुख्य बाजार में वाहनों के दबाव को कम करना और पैदल आवाजाही करने वाले स्थानीय लोगों, पर्यटकों को जाम के झंझट से राहत दिलाना है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि व्यापारियों को लोडिंग और अनलोडिंग का कार्य निर्धारित समय सीमा के पहले या बाद में ही निपटाना होगा।
......कोट
गरुड़ बाजार में जाम की समस्या नासूर बनती जा रही थी, जिससे आम जनता और राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। व्यापार मंडल और टैक्सी यूनियन के साथ विचार-विमर्श के बाद दिन में नो एंट्री लागू करने का फैसला लिया गया है। सभी व्यापारियों और वाहन चालकों से अपील है कि वे निर्धारित समय का पालन करें।
.......केएस नगी, कोतवाल, बैजनाथ