कपकोट में क्षतिग्रस्त गैरखेत-गोलना झूला पुल। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
कपकोट (बागेश्वर)। गैरखेत-गोलना झूलापुल मरम्मत न होने के कारण खस्ताहाल हो गया है। पुल पर किया गया डामर उखड़ गया है। पुल से लगे संपर्क मार्ग की हालत भी बदहाल है। आवाजाही करने में लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने पुल और संपर्क मार्ग की मरम्मत करने की मांग उठाई है।
गैरखेत और गोलना गांवों को जोड़ने वाले गैरखेत-गोलना झूलापुल में कई जगहों पर डामर उखड़ गया है। लोगों का कहना है कि पुल की मरम्मत न होने से पुल क्षतिग्रस्त होता जा रहा है। इससे लोगों को आवाजाही के दौरान नदी में गिरने का खतरा सता रहा है। पुल पर कंक्रीट करने के लिए बाद संबंधित विभाग को अवगत कराया गया लेकिन कोई कार्यवाही नहीं की गई है।
पुल से जुड़ा क्षतिग्रस्त मार्ग भी तमाम जगहों पर क्षतिग्रस्त हो गया है। मार्ग का कंक्रीट उखड़ गया है और गड्ढे बन गए हैं। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाता है। इससे राहगीरों को आवाजाही करने में दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। गैरखेत की ग्राम प्रधान मंजू देवी और ग्रामीणों ने लोनिवि के अधिशासी अभियंता संजय कुमार पांडे को पत्र लिखकर गैरखेत-गोलना झूलापुल की मरम्मत करने की मांग उठाई है।