जिले में मार्गशीर्ष मास की अमावस्या पर गढ़िया बग्वाल का मेला धूमधाम से मनाया गया। इस वर्ष मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया। कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। शनिवार को ग्रामसभा पोथिंग के भगवती मंदिर में आयोजित गढ़िया बग्वाल मेले का उद्घाटन गांव के 105 वर्षीय पूर्व प्रधान कुंजर सिंह गढ़िया ने किया।
दूरदराज के गांवों से आए लोगों ने मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद राजकीय प्राथमिक पाठशाला पोथिंग, सरस्वती शिशु मंदिर पोथिंग, आदर्श प्रापा कपकोट, एंजल्स एकेडमी कपकोट एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. मथुरा दत्त जोशी राइंका पोथिंग के छात्र-छात्राओं ने कई मनमोहक प्रस्तुतियां दी।
सांस्कृतिक संध्या में लोकगायक प्रह्लाद मेहरा, कुंदन कोरंगा, पूरन राठौर और प्रमोद उपाध्याय के गीतों पर लोग झूमने को मजबूर हुए। अन्य लोक कलाकारों ने भी अपनी कला से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। हास्य कलाकार मंगल सिंह चौहान की अदाकारी से लोग लोटपोट हो गए।
इससे पूर्व मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी ने गढ़िया बग्वाल को भविष्य में और भव्य बनाने के लिए जिला पंचायत की ओर से पूरी सहायता देने की बात कही। विधायक बलवंत सिंह भौर्याल ने मंदिर का सुंदरीकरण कराने की घोषणा की। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि ब्लॉक प्रमुख मनोहर राम, जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवेंद्र परिहार, जिला पंचायत सदस्य तोली गोविंद दानू, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष राम सिंह कोरंगा आदि थे।
इस दौरान मेला कमेटी के अध्यक्ष भुवन गढ़िया, व्यवस्थापक भूपेश गढ़िया, उपाध्यक्ष नंदन गढ़िया, महासचिव रमेश गढ़िया, कोषाध्यक्ष हयात सिंह, राजन सिंह, सचिव कैलाश गढ़िया, सह सचिव नरेंद्र गढ़िया, पूर्व विधायक शेर सिंह गढ़िया, सुरेश गढ़िया, महिमन गढ़िया, खुशाल सिंह, भूपाल सिंह, राम सिंह गढ़िया आदि थे। संचालन महासचिव दीपक गढ़िया ने किया।