अनुसूचित जाति, जन जाति शिक्षक एसोसिएशन की जिला इकाई ने प्राइमरी स्कूलों में बैकलॉग के पदों को सामान्य भर्ती प्रक्रिया से भरने का आरोप लगाया है। संगठन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री के नाम का ज्ञापन डीएम को सौंपा। इसमें उन्होंने सामान्य भर्ती प्रक्रिया रोकने की मांग को लेकर आंदोलन की चेतावनी दी है।
मुख्यमंत्री के नाम भेजे ज्ञापन में अनुसूचित जाति, जनजाति शिक्षक एसोसिएशन की जिला इकाई ने कहा है कि आठ सितंबर 2015 को प्राइमरी स्कूलों में सहायक अध्यापक के पदों का बैकलॉग अनुसूचित जाति का 1030, एसटी का 18 था। इसी बीच शिक्षा विभाग ने इन पदों को सामान्य भर्ती प्रक्रिया से भरा गया है।
वर्तमान में विभाग में इन पदों की संख्या 433 रह गई है। शासन इन पदों को सामान्य भर्ती प्रक्रिया के जरिए भरने का प्रयास कर रहा है। सीएम ने 12 नवंबर को देहरादून में आयोजित एसोसिएशन के प्रांतीय अधिवेशन में एससीएसटी का बैकलॉग भरने का आश्वासन दिया था।
इसके बावजूद इन पदों को सामान्य भर्ती प्रक्रिया से भरा जाना गलत है। यह आरक्षित वर्ग के बेरोजगारों के साथ घोर अन्याय है। उन्होंने सीएम से पूर्व में दिए आश्वासन के अनुसार बैकलॉग के पदों को शीघ्र भरने की मांग की है। मांग की अनदेखी करने पर प्रांतीय आह्वान पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी गई है।
ज्ञापन सौंपने वालों में एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष संजय कुमार टम्टा, जिला मंत्री गिरीश चंद्र धौनी, राजेश कुमार, हरीश आगरी, बंशी लाल, मनोज त्रिकोटी, सतीश त्रिकोटी, अरविंद कुमार, सरजीत कुुुमार, संजय कुमार, विनोद कुमार, गोविंद प्रसाद आगरी, विमल कुमार आदि थे।