सरपंचों ने बनाया पर्यावरण वन विकास संघर्ष मोर्चा
- फोटो : अमर उजाला
कांडा (बागेश्वर)। वन पंचायत सरपंच संगठन की बैठक में वन पंचायतों में हो रही संपदा की क्षति पर रोष जताया गया। सरपंचों ने विभिन्न प्रस्ताव पारित करते हुए वनों की सुरक्षा के लिए पर्यावरण वन विकास संघर्ष मोर्चा भी गठित किया। कांडा के मां कालिका मंदिर परिसर में हुई बैठक में अध्यक्ष पूरन सिंह रावल ने कहा कि प्रतिवर्ष करोड़ों की वन्य संपदा की क्षति हो रही है।
इसकी सुरक्षा जरूरी है। इसके लिए सर्वसम्मति से पर्यावरण वन विकास संघर्ष मोर्चा का गठन किया गया। इसमें सरपंच संगठन के अध्यक्ष पूरन सिंह रावल को मोर्चा का अध्यक्ष चुना गया। अध्यक्ष ने कहा कि वन पंचायतों के विकास को लेकर लगातार प्रयास किए जाएंगे।
बैठक में विभिन्न प्रस्ताव भी पारित किए गए। इनमें सरपंचों के अधिकार बढ़ाने की मांग पुरजोर तरीके से उठाई गई। अध्यक्ष ने कहा कि सामूहिक प्रयास कर वन्य संपदा बचाने के प्रयास किए जाएंगे। बैठक में रमेश चंद्र तिवाड़ी संरक्षक, जिला महामंत्री नरेंद्र परिहार, आनंदबल्लभ पांडे, भुवन चंद्र लोहनी, भगवान सिंह माजिला, भुवन चंद्र कर्नाटक, गोपाल सिंह धामी आदि थे।