शुक्रवार की रात जनपद के विभिन्न हिस्सों में मूसलाधार बारिश हुई। बारिश से चार मकानों को नुकसान पहुंचा है। कपकोट में सर्वाधिक 55एमएम बारिश रिकार्ड की गई।
आपदा प्रबंधन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार भारी बारिश के कारण खड़खेत गांव में किशन राम, सानीउडिया के मिथुनकोट में राजेंद्र सिंह, मोतीसारी में कलुली देवी और उडियार गांव में नंदन सिंह के मकान क्षतिग्रस्त हो गए।
इनमें से कलुली देवी के मकान को अधिक नुकसान हुआ है जबकि अन्य तीन ग्रामीणों के मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हैं। शुक्रवार की रात बागेश्वर में 10 एमएम, कपकोट में 55एमएम और गरुड़ में 22.50 एमएम बारिश रिकार्ड की गई।
कपकोट में अधिक बारिश होने से सरयू नदी का जल स्तर सामान्य से अधिक रहा। सरयू नदी का जल स्तर 866.55 मीटर और गोमती नदी का जल स्तर 863.20 मीटर मापा गया। जिला आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार मौसम विभाग ने अगले 72 घंटों के भीतर जनपद के कुछ स्थानों पर तेज बारिश की आशंका व्यक्त की है। एडीएम एसएस जंगपांगी ने सभी विभागों के अधिकारियों को अलर्ट रहने को कहा है।