वर्षों से कैंटीन सुविधा की मांग कर रहे पूर्व अर्द्ध सैनिकों को भी अब कैंटीन सुविधा मिल सकेगी। पूर्व अर्द्धसैनिक वेलफेयर संगठन की बैठक में संगठन के प्रदेश अध्यक्ष व मंडल अध्यक्ष ने पूर्व अर्द्ध सैनिकों को यह जानकारी दी।
नरेंद्रा सभागार में आयोजित इस बैठक में संगठन के प्रदेश अध्यक्ष तारादत्त शर्मा ने बताया कि बागेश्वर में सीपीसी कैंटीन खोलने के लिए एमएचए ने मंजूरी दे दी है। जल्द ही बागेश्वर में पूर्व अर्द्ध सैनिकों को कैंटीन सुविधा मिल सकेगी।
बैठक में पूर्व अर्द्ध सैनिकों ने लंबित समस्याओं के निराकरण की मांग उठाई। कहा कि केंद्र व राज्य सरकार समस्याओं का निराकरण करे। संगठन ने प्रत्येक जिले में पैरामिलट्री कल्याण बोर्ड का गठन करने, वन रैंक, वन पेंशन पे तथा पैरामिलट्री सर्विस पे दिए जाने, पुरानी पेंशन बहाल करने, देश के लिए प्राण न्यौछावर करने वाले जवानों को भी शहीद का दर्जा देने, सीपीसी कैंटीनों को भी सीएसडी कैंटीन की तर्ज पर जीएसटी में छूट दिए जाने की मांग की गई। अन्य राज्यों की तरह ही उत्तराखंड में भी जवानों को सुविधा दी जाएं।
बैठक को पूर्व विधायक शेर सिंह गढ़िया, प्रदेश अध्यक्ष तारादत्त शर्मा, मंडल अध्यक्ष मनोहर सिंह नेगी, प्रांतीय सचिव रूप सिंह बिष्ट ने भी विचार रखे। बैठक की अध्यक्षता मोहन सिंह कपकोटी ने की। बैठक में प्रताप सिंह मेहता, नारायण सिंह हरड़िया, लक्ष्मण सिंह कनवाल, उमेद सिंह, प्रकाश कनवाल, चंदन सिंह बिष्ट, किशन सिंह रौतेला, दलीप सिंह हरड़िया आदि थे।