बागेश्वर के जोशी गांव के जंगल में लगी आग। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। जिले के जंगलों में आग लगने का सिलसिला जारी है। अब तक सैकड़ों हेक्टेयर जंगल आग से राख हो चुके हैं। अराजक तत्व जंगलों में आग लगा दे रहे हैं। जिसका खामियाजा जंगली जानवरों और वन संपदा को भुगतना पड़ रहा है।
शुक्रवार रात जोशी गांव के पास घिरौली के जंगलों में आग धधक गई। आग से जंगल को भारी नुकसान पहुंचा है। जंगली और पालतू जानवरों का चारा आग से नष्ट हो गया है। ग्रामीणों की सूचना पर वन कर्मी मौके पर आग बुझाने गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार आग बुझा दी गई है। लंबे समय से बारिश नहीं होने के कारण इन दिनों आग की घटनाएं बढ़ गई हैं। रोजाना जिले के जंगलों में आग लग रही है। चीड़ के जंगलों में पड़ी पिरूल से आग जल्दी फैल रही है। गर्मियों के मुकाबले सर्दियों में हो रही आग की घटनाओं का एक कारण बारिश का न होना भी माना जा रहा है।