जौलकांडे से खर्कागैर गरजोली तक मंजूर तीन किमी सड़क का निर्माण शुरू नहीं होने से ग्रामीणों में रोष है। गुस्साए ग्रामीणों ने बुधवार को लोनिवि के प्रांतीय खंड में प्रदर्शन किया।
सभा के बाद उन्होंने सहायक अभियंता को ज्ञापन सौंपा। इसमें उन्होंने सड़क का निर्माण शीघ्र न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
सहायक अभियंता को सौंपे ज्ञापन में ग्रामीणों ने कहा है कि तीन साल पहले जौलकांडे से खर्कागैर गरजोली तक तीन किमी लंबी सड़क मंजूर हुई थी।
तब से सड़क का निर्माण नहीं हो सका है। सड़क नहीं बनने से जहां गांव का विकास नहीं हो पा रहा है वहीं गांवों में उत्पादित सब्जियां बाजार में नहीं पहुंच पा रही हैं। उन्होंने अभियंता से सड़क का निर्माण शीघ्र शुरू करवाने की मांग की।
ज्ञापन देने वालों में गांव गरीब महिला उत्थान मंच के संरक्षक विशन सिंह टंगड़िया, भगवत सिंह, बचे सिंह, कुंदन सिंह, नंदन सिंह, मोहन सिंह, गिरीश सिंह आदि शामिल थे।
उधर लोनिवि प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता ने बताया कि सड़क निर्माण के लिए भारत सरकार के वन एवं पर्यावरण मंत्रालय से सैंद्धांतिक स्वीकृति मिल चुकी है। पूर्ण स्वीकृति मिलने पर ही कार्य शुरू होगा।