बागेश्वर। दिवाली का त्योहार नजदीक आते ही जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग ने बाजारों का निरीक्षण तेज कर दिया है। विभागीय टीम ने कौसानी-गरुड़ मोटर मार्ग और कौसानी बाजार में दुकानों का निरीक्षण कर तेल और मिठाई के दो नमूने लेकर जांच के लिए भेजे। तीन प्रतिष्ठानों को मानकों का पालन न करने पर नोटिस जारी किया।
कौसानी बाजार और क्षेत्र की दुुकानों के निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी विपिन कुमार और जिला अभिहित अधिकारी डॉ. प्रकाश चंद्र फुलारा की टीम ने व्यापारियों से मिलावटी और पुरानी सामग्री न बेचने के लिए कहा। दुकानों और किचन के पास सफाई भी बरतने के लिए कहा गया। जिले में बगैर बिल, संदिग्ध और मिलावटी सामग्री जिले में लाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ भी कार्रवाई करने की बात कही।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि सामग्री संदिग्ध लगने पर लिए गए नमूनों को जांच के लिए विश्लेषणशाला भेज दिया गया है। त्योहार तक लगातार अभियान चलाया जाएगा। अगर कोई व्यापारी मानकों की अनदेखी करते पकड़ा गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।