बागेश्वर। क्षेत्र में खराब मौसम और लगातार हो रही बारिश का असर हवाई सेवाओं पर भी देखने को मिल रहा है। बृहस्पतिवार को देहरादून से तो एक उड़ान सफलतापूर्वक पहुंची लेकिन हल्द्वानी रूट से कोई भी उड़ान संचालित नहीं हो सकी। मौसम को देखते हुए उड़ानों के शेड्यूल में बदलाव करना पड़ा है।
उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण के प्रतिनिधियों से हुई वार्ता में जानकारी मिली कि हवाई मार्ग में दृश्यता कम होने और मौसम की खराबी के कारण हल्द्वानी से आने वाली उड़ान को रद्द करना पड़ा। यूकाडा अधिकारियों के अनुसार जैसे ही मौसम साफ होगा, सभी उड़ानों का संचालन पूर्व की भांति नियमित कर दिया जाएगा। एसडीएम वैभव कांडपाल ने बताया कि यूकाडा प्रतिनिधियों से हुई वार्ता के अनुसार बृहस्पतिवार को देहरादून से एक उड़ान पहुंची है जबकि मौसम की खराबी के कारण हल्द्वानी से कोई उड़ान नहीं आ सकी। मौसम खुलते ही हवाई सेवाओं का संचालन पूरी तरह से नियमित कर दिया जाएगा। यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। संवाद