कपकोट-पोलिंग सड़क में पड़े बोल्डर।
- फोटो : अमर उजाला
जिले में शनिवार रात हुई बारिश से कपकोट-पोलिंग मोटर मार्ग पर बोल्डर गिर गए। इससे करीब पांच घंटे तक सड़क पर यातायात बंद रहा। इसके अलावा छह ग्रामीण सड़कें भी अभी तक आवागमन के लिए नहीं खुल सकी हैं।
बारिश से कपकोट-पोलिंग मोटर मार्ग में रविवार सुबह बोल्डर गिर गए। पीडब्लूडी द्वारा जेसीबी मौके पर भेजी गई। करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद बोल्डर हटाए जा सके। इस दौरान लोगों को वाहन बदलकर गंतव्य तक पहुंचना पड़ा। इधर, मलबा आने से बंद हुई सामा-लीती गोगिना, कौसानी-भतेड़िया, कपकोट-कर्मी, मुनार बैंड-सूपी, काफलीगैर-खोलसीर और सामा-नाकुरी सड़कें अभी भी नहीं खुल सकी हैं। इन क्षेत्रों के ग्रामीण परेशान हैं। लोगों को पैदल ही आवाजाही करनी पड़ रही है।
जरूरी सामान भी पीठ पर ढोना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि सड़कों की बदहाल स्थिति और प्रशासन की अधूरी व्यवस्थाओं के कारण हर साल बरसात में इसी तरह के हालात पैदा होते हैं। उन्हें साल भर में केवल छह या सात माह ही यातायात सुविधा का लाभ मिल पाता है। परेशान ग्रामीणों ने बंद पड़ी सड़कों को शीघ्र खोलने की मांग की है। इधर, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल ने बताया कि सभी बंद सड़कों को खोलने का काम चल रहा है। सभी स्थानों पर जेसीबी तैनात की गई हैं।