जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में आयोजित पांच दिवसीय गणित लैब अभिमुखीकरण कार्यशाला संपन्न हो गई है। कार्यशाला में बागेश्वर जिले के माध्यमिक विद्यालयों के 50 शिक्षकों ने भागीदारी कर गणित के 500 से अधिक मॉडल बनाए।
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में आयोजित पांच दिवसीय गणित लैब अभिमुखीकरण कार्यशाला संपन्न हो गई है। कार्यशाला में बागेश्वर जिले के माध्यमिक विद्यालयों के 50 शिक्षकों ने भागीदारी कर गणित के 500 से अधिक मॉडल बनाए। समापन दिवस पर नगर क्षेत्र के विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं ने प्रदर्शनी देखी और गणित के जटिल प्रश्नों को गतिविधि के माध्यम से आसानी से हल करना सीखा।
विज्ञापन
शुक्रवार को डायट सभागार में आयोजित प्रदर्शनी में शिक्षकाें ने 14 समूह में मॉडल प्रदर्शित किए। गणित के कठिन संबोधन पर आधारित विभिन्न प्रकार की गतिविधियां, गणित खेल, जादुई वर्ग, पजल, कारपेंटर, फैब्रिकेटर और ऐपण के माध्यम से तैयार किए गए मॉडल के माध्यम से गणित को सुगम बनाने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया था। प्रदर्शनी देखने के लिए राइंका, राबाइंका, राइंका मंडलसेरा समेत निजी विद्यालयों के विद्यार्थी बुलाए गए थे। समापन समारोह में डायट प्राचार्य डॉ. डीसी सती ने कहा कि गणित को सुगम और रूचिकर बनाना कार्यशाला का लक्ष्य है।
उन्होंने सभी शिक्षकों से सीखे हुए ज्ञान को कक्षा-कक्ष तक पहुंचाने को कहा। कार्यक्रम संयोजक डॉ. भैरव दत्त पांडेय ने कहा कि प्रशिक्षण हासिल करने वाले सभी शिक्षक अपने-अपने विद्यालयों में गणित लैब की स्थापना करेंगे और बच्चों को खेल-खेल में गणित जैसे कठिन विषय को आसान बनाकर सिखाने का प्रयास करेंगे। इस मौके पर प्रवक्ता कैलाश प्रकाश चंदोला, फैसिलेटर बलवंत सिंह टाकुली, हेम चंद्र पांडेय आदि मौजूद रहे।