बागेश्वर के जौलकांडे में बना जिले का पहला मॉडल क्रू स्टेशन। विज्ञप्ति
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। जिले का पहला मॉडल क्रू स्टेशन जौलकांडे में बनाया गया है। कैबिनेट मंत्री चंदन राम दास 13 अप्रैल को इसका शुभारंभ करेंगे। वन विभाग के इस क्रू स्टेशन में सात कर्मचारी 24 घंटे तैनात रहेंगेे। उनके रहने और खाने का सारा इंतजाम क्रू स्टेशन में किया गया है। तत्काल आग बुझाने के लिए कर्मचारियों को एक वाहन की सुविधा भी दी जा रही है।
फायर सीजन के दौरान जंगलों को आग से बचाने के लिए विभाग की ओर से जिले में 29 क्रू स्टेशन बनाए गए हैं। सभी रेंजों में स्थापित इन क्रू स्टेशनों में तैनात कर्मचारी आग से जंगलों को बचाने का कार्य कर रहे हैं। हालांकि क्रू स्टेशन बनाने के बावजूद जंगलों को बचाने में कामयाबी नहीं मिल पाती। जिसे देखते हुए इस वर्ष प्रदेश में अभिनव प्रयोग किया गया है, जिसके तहत ट्रायल के रूप में आदर्श क्रू स्टेशन बनाए जा रहे हैं। हर जिले में एक-एक सुविधा संपन्न क्रू स्टेशन बनाया गया है। बागेश्वर के जौलकांडे में बना मॉडल क्रू स्टेशन भी हर तरह की सुविधाओं से युक्त है। क्रू स्टेशन में 15 फायर वाचरों के रहने, खाने का इंतजाम है। हालांकि फिलहाल क्रू स्टेशन में छह फायर वाचर रखे गए हैं। जिन्हें लीड करने के लिए वन विभाग के एक कर्मचारी की तैनाती की जाएगी। आसपास के क्षेत्रों में कहीं भी आग लगने की सूचना मिलने पर फायर वाचर तत्काल मौके पर जाकर आग बुझाएंगे। वाहन की सुविधा होने से कर्मचारी दूर के क्षेत्र तक आग बुझाने में आसानी होगी।
बागेश्वर में 15 फायर वाचर बढ़ाए
बागेश्वर। जिले के जंगल में आग की घटनाओं में बढ़ोतरी के बाद विभाग ने फायर वाचरों की संख्या बढ़ा दी है। फायर सीजन शुरू होने के बाद विभाग ने 85 फायर वाचर तैनात किए थे, अब 15 फायर वाचर नए रखे गए हैं। अभी 29 क्रू स्टेशनों में 100 फायर वाचर तैनात हैं।
मॉडल क्रू स्टेशन का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री के हाथों होना है, जिसके लिए तैयारी पूरी कर ली गई है। उम्मीद है कि मॉडल क्रू स्टेशन से जंगल में आग की घटनाओं को कम करने में मदद मिलेगी। अगर यह प्रयोग सफल रहा तो जिले के अन्य स्थानों पर भी मॉडल क्रू स्टेशन बनाए जाएंगे। - हिमांशु बागरी, डीएफओ, बागेश्वर।