कांडा (बागेश्वर)। तहसील क्षेत्र के सिमकूना गांव में फ्रिज में लगी आग से घर के भीतर रखा सामान जलकर राख हो गया। गनीमत रही कि घटना के समय परिवार का कोई सदस्य उस कमरे में नहीं था। प्रभावित परिवार ने मुआवजा देने की मांग की है।
बृहस्पतिवार की रात को ग्रामीण मोहन राम और उनकी पत्नी किचन में खाना बना रहे थे। करीब आठ बजे अचानक बिजली गुल हो गई। इसी दौरान उन्हें बेटे के कमरे से धुआं उठता दिखाई दिया। वह भागकर कमरे में गए तो वहां फ्रिज, टीवी, सोफा सेट आदि जल रहा था। उन्होंने आग को बुझाने की कोशिश की लेकिन तब तक कमरे के भीतर रखा सामान जलकर राख हो गया।
ग्रामीण ने बताया कि फ्रिज में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी थी। इसी दौरान एमसीबी डाउन होने से बिजली भी गुल हो गई। उन्होंने आसपास वालों को आग लगने की सूचना दी। ग्राम प्रधान डौली देवी समेत ग्रामीण मौके पर आए। हालांकि तब तक आग बुझ चुकी थी। मोहन ने बताया कि उनकी बहू मायके गई थी। पुत्र बाहर नौकरी करता है।
किचन में होने के कारण उन्हें आग लगने की जानकारी नहीं हो सकी। ब्लॉक प्रमुख दीपा देवी और सिमकूना की जिपं सदस्य सरोज देवी ने शुक्रवार को प्रभावित परिवार से नुकसान की जानकारी ली। राजस्व उपनिरीक्षक प्रकाश गोस्वामी ने बताया कि ग्राम प्रधान से आग लगने की सूचना मिली थी।