बागेश्वर। गर्मी का पारा चढ़ते ही जिले के जंगलों में आग की घटनाएं तेजी से बढ़ने लगी हैं। रविवार रात से ही कपकोट और बागेश्वर रेंज के कई इलाकों में आग धधक रही है जिससे बेशकीमती वन संपदा को भारी नुकसान पहुंच रहा है।
कपकोट रेंज के असों, जालेख, पोथिंग, चीरा बगड़, उत्तरौड़ा और रताइस के जंगलों में आग लगी हुई है। इसके अलावा धरमघर के घिंघारूतोला, खुनौली, कांडा और बागेश्वर रेंज के दफौट और छतीना कंपाट के जंगल भी आग की चपेट में हैं। डीएफओ आदित्य रत्न ने बताया कि गर्मी बढ़ने और जंगलों में सूखी पत्तियों की मौजूदगी के कारण आग तेजी से फैल रही है। विभाग की टीमें और फायर वाॅचर मौके पर पहुंचकर आग बुझाने के प्रयास में जुटे हैं। उन्होंने ग्रामीणों से जंगलों में आग न लगाने और वनाग्नि की सूचना तत्काल विभाग को देने की अपील की है। संवाद