बागेश्वर के सीरी गांव में आग की चपेट में आया आवासीय भवन। संवाद
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। कपकोट तहसील के सीरी गांव में एक मकान में आग लग गई। भीषण आग से मकान के भीतर रखा सामान जल गया। ग्रामीणों और फायर सर्विस की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से ग्रामीण को करीब 10 लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान जताया जा रहा है। आग का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
सीरी गांव के हिम्मत सिंह पुत्र प्रताप सिंह के घर में बृहस्पतिवार दोपहर करीब एक बजे आग लग गई। इस दौरान परिवार के लोग घर के भीतर नहीं थे। बाखली के बीचोंबीच बने मकान में आग लगने से ग्रामीणों में अफरातफरी मच गई। परिवार और आसपास के लोगों ने आग को बुझाने का प्रयास किया और फायर सर्विस को भी सूचना दी।
आग तेजी से फैलती गई और आग की भीषण लपटें घर से बाहर निकलने लगीं। आसपास के घरों में भी आग के फैलने का खतरा बढ़ गया। इस बीच ग्रामीण लगातार पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास करते रहे। सूचना मिलने के बाद अग्निशमन प्रभारी कपकोट शत्रुघ्न सिंह के नेतृत्व में दमकल की टीम रवाना हुई। टीम ने मौके पर जाकर ग्रामीणों की मदद से आग को काबू करने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
ग्रामीण के अनुसार आग से करीब दो लाख रुपये के जेवर, 15 हजार रुपये का राशन, बर्तन, कपड़े और अन्य सामान जल गया है। मकान को नुकसान होने के कारण परिवार वालों ने पड़ोस के मकान में शरण ली है।
तीन किमी पैदल चलकर पहुंची टीम
बागेश्वर। फायर सर्विस की टीम के गांव पहुंचने तक आग से मकान का बड़ा हिस्सा जल गया था। अग्निशमन कपकोट के प्रभारी शत्रुघ्न सिंह ने बताया कि सड़क से करीब तीन किमी की दूरी पैदल चलकर तय की। इस दौरान ग्रामीणों ने आग बुझाने का भरसक प्रयास किया। टीम के सदस्य चंद्रशेखर आर्या, हरक सिंह और पवन कुमार ने भी मौके पर जाकर ग्रामीणों की मदद से आग को काबू किया।