बागेश्वर। जिले के बैजनाथ थाना क्षेत्र के तहत सोशल मीडिया पर बाल पोर्नोग्राफी से जुड़े आपत्तिजनक वीडियो अपलोड करने और प्रसारित करने का गंभीर मामला सामने आया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय के नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल के एनसीएमईसी माड्यूल से प्राप्त टिपलाइन सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथकिमी दर्ज कर ली है।
प्राप्त विवरण के अनुसार, कोतवाली बैजनाथ में तैनात वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजय सिंह बृजवाल को एसपी कार्यालय से साइबर टिपलाइन आदेश के तहत एक डीवीडी/सीडी और विस्तृत रिपोर्ट प्राप्त हुई थी। जांच के दौरान पाया गया कि एक फेसबुक यूजर प्रोफाइल यूआरएल के माध्यम से सोशल मीडिया पर बाल पोर्नोग्राफी से संबंधित जेपीजी फाइल और तीन एमपीयू वीडियो फाइलें अपलोड की गईं। साइबर सेल की ओर से जुटाई गई तकनीकी जानकारी और टेलीकॉम सर्विस प्रोवाइडर से प्राप्त आईपी डीआर के आधार पर उक्त फेसबुक प्रोफाइल से जुड़े मोबाइल नंबर की शिनाख्त की गई।
जांच में यह मोबाइल नंबर और इंटरनेट प्रोटोकॉल ग्राम सैलाबगड़ मैगड़ीस्टेट निवासी रघुनाथ सिंह पुत्र पदम सिंह के नाम पर पंजीकृत पाया गया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और दस्तावेजों का अवलोकन करने के उपरांत आईटी अधिनियम की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
राष्ट्रीय पोर्टल से प्राप्त सूचना और साइबर सेल की तकनीकी जांच के आधार पर बैजनाथ थाने में आईटी एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। इस प्रकरण से जुड़े सभी डिजिटल साक्ष्यों का बारीकी से विश्लेषण किया जा रहा है और संलिप्त आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। साइबर अपराधों के खिलाफ पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है।
अजय लाल साह, सीओ बागेश्वर