बागेश्वर। सोशल मीडिया पर महिला सुरक्षा और सम्मान को ठेंगा दिखाने वाले एक सिरफिरे के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने शिकंजा कसा है। महिला होमगार्ड की ड्यूटी के दौरान खिंचवाई गई फोटो का दुरुपयोग कर उस पर अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले इंस्टाग्राम आईडी संचालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
बीते बुधवार को कोतवाली बैजनाथ में तैनात एक महिला होमगार्ड ने तहरीर में बताया कि कुछ समय पहले पुलिस टीम के साथ एक रिकवरी के दौरान फोटो खींची थी। इस फोटो को बागेश्वर पुलिस के आधिकारिक इंस्टाग्राम पेज से साझा किया गया था। आरोप है कि विमल देव फैन पेज नामक एक इंस्टाग्राम आईडी संचालक ने उस फोटो को चुराकर अपने पेज पर पोस्ट किया और उस पर महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाले अपशब्द लिखे। आरोपी ने सोशल मीडिया का सहारा लेकर सार्वजनिक रूप से महिला का अपमान किया और भ्रामक और अश्लील सामग्री वायरल की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और महिला की मर्यादा को ठेस पहुंचाने और यौन उत्पीड़न से संबंधित अपमानजनक टिप्पणी करने की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। कोतवाल अनिल उपाध्याय ने कहा कि इस तरह की हरकतें कतई बर्दाश्त नहीं की जाएंगी और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।