पुलिस विभाग की मासिक अपराध गोष्ठी में एसपी सुखवीर सिंह ने लंबित विवेचनाओं का शीघ्र निस्तारण करने, बाहरी व्यक्तियों का शत प्रतिशत सत्यापन करने के निर्देश दिए। इस मौके पर कहा गया कि थाना और चौकी प्रभारी मादक पदार्थों की बिक्री व तस्करी पर सख्ती से रोक लगाएं।
पुलिस लाइन में आयोजित इस गोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए एसपी सुखवीर सिंह ने यातायात व्यवस्था में सुधार करने के लिए प्रभावी कदम उठाने को कहा। उन्होंने कहा शराब पीकर वाहन चलाने वाले, ओवर लोडिंग और ओवर स्पीड वाले चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करें।
आपदा की दृष्टि से संवेदनशील कपकोट क्षेत्र पर अतिरिक्त सतर्कता बरतें। उन्होंने पुलिस अधिकारियों व जवानों को किसी तरह की आपदा की सूचना मिलने पर तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत बचाव कार्य करने के लिए निर्देशित किया। इस मौके पर कोतवाल हरक सिंह फिरमाल, एलआईयू निरीक्षक केएस देव, कपकोट थाना प्रभारी सत्यप्रकाश रायपा सहित गरुड़, कौसानी, रीमा, कांडा चौकी प्रभारी मौजूद थे।