गरुड़ (बागेश्वर)। जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के तहत राजकीय इंटर कॉलेज अमस्यारी में सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान स्वयं सहायता समूहों को विभिन्न योजनाओं के तहत कुल 2.40 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता के चेक वितरित किए गए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पीएमजीएसवाई अनुश्रवण समिति के उपाध्यक्ष शिव सिंह बिष्ट ने कहा कि सरकार का उद्देश्य अंतिम छोर पर खड़े प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। शिविर में 63 स्वयं सहायता समूहों को 1.92 करोड़ रुपये तथा 48 समूहों को सीएलएफ (कम्युनिटी लेवल फेडरेशन) फंड के तहत 48 लाख रुपये के चेक प्रदान किए गए।
शिविर में कुल 495 लोगों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान प्राप्त चार शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि विभिन्न प्रमाण-पत्रों के लिए 33 आवेदन भी भरे गए। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या, क्षेत्रीय विधायक पार्वती दास सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।