नितेंद्र रावत के रियो में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उसकी मंगेतर दीप्ति खड़ाई, सीएम हरीश रावत और खेले प्रेमियों ने मां कोट भ्रामरी देवी से मन्नत मांगी। सीएम हरीश रावत ने कहा एथलीट नितेंद्र पर उत्तराखंड ही नहीं देश भर के लोगों की निगाहें है। सीएम ने उत्तराखंड पावर कारपोरेशन के एमडी को स्पष्ट निर्देश निर्देश दिए हैं कि मैराथन के समय अणां गांव सहित राज्य भर में बिजली कटौती न हो।
बता दें कि रियो ओलंपिक में आज शाम छह बजे नितेंद्र मैराथन के लिए उतरेेंगे। मंगेतर दीप्ति खड़ाई, ससुर रतन सिंह (एई), सास आशा और सिटोली (माल्दे) गांव के ग्रामीणों सहित जिला पंचायत सदस्य अणां शिव सिंह बिष्ट ने मां कोट भ्रामरी देवी से मन्नत मांगी है कि रियो में नितेंद्र गोल्ड जीते। सीएम हरीश रावत ने फोन पर बताया कि उत्तराखंड के अणां गांव निवासी नितेंद्र पर उत्तराखंड ही नहीं देश भर के लोगों की नजर है। सीएम ने कोट भ्रामरी देवी से मन्नत मांगी है कि वह रियो में उत्तराखंड का नाम रोशन करे। सीएम ने अणां गांव के ग्रामीणों की मांग पर अणां गांव सहित राज्य भर में मैराथन के समय किसी भी हालत में बिजली कटौती न करने के निर्देश उत्तराखंड पावर कारपोरशन के एमडी को दिए है। नितेंद्र के पिता हीरा सिंह रावत और मां रमा रावत ने बताया कि अपने लाल की सफलता के लिए वह आज कोट भ्रामरी मंदिर में पूजा अर्चना कर मन्नत मांगने जाएंगे।
एसडीएम ने की मैराथन देखने की अपील
गरुड़ (बागेश्वर)। एसडीएम गरुड़ रवीद्र सिंह बिष्ट ने बच्चों से आज शाम छह बजे से रियो में होने वाली मैराथन दौड़ अनिवार्य रूप से देखने को कहा है। इधर शनिवार को नितेंद्र के पैतृक गांव के प्राथमिक विद्यालय की हेड टीचर परमेश्वरी, राजकीय जूनियर हाईस्कूल रौल्याणा के हेड टीचर नीरज पंत और शहीद राम सिंह बोरा जूहा भगरतोला के हेड टीचर महेश पंत ने बच्चों को मैराथन और नितेंद्र रावत के बारे जानकारी दी।
कपकोट और बागेश्वर विधायक भी देखेंगे मैराथन
गरुड़ (बागेश्वर)। बागेश्वर के विधायक चंदन दास और कपकोट के विधायक ललित फर्स्वाण ने बताया कि वह आज अन्य काम छोड़कर शाम छह बजे से मैराथन देखेंगे। जिले के एथलीट नितेंद्र से हमें उम्मीद है कि वह रियो में उत्कृष्ट प्रदर्शन करेगा।
रियो में आज दौड़ेंगे सेना के तीन जवान
गरुड़ (बागेश्वर)। रियो में आज होने वाली मैराथन में भारतीय सेना के तीन जवान भाग लेंगे। मैराथन में भाग लेने वालों नितेंद्र रावत उत्तराखंड, खेता राम राजस्थान, गोपी टी केरला के है। इनमें सबसे कम उम्र के गोपी टी है।