जलागम परियोजना फेज टू की ओर से केदारेश्वर मैदान में ग्राम्या उत्सव लगा। उद्घाटन मुख्य अतिथि विधायक ललित फर्स्वाण ने किया। उन्होंने कहा कि कृषि, शाकभाजी और पशुपालन से ही आर्थिक स्थिति में सुधार आएगा। उन्होंने कहा ग्राम्या की योजना रोजगार को लेकर हो रहे पलायन पर काफी हद तक रोक लग सकेगी।
केदारेश्वर मैदान में विधायक फर्स्वाण ने कहा कि सरकार की मंशा स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने की है। मडुवा, राजमा, गहत, भट, रामदाना की बाजार में काफी मांग है। पहाड़ के अच्छे पर्यावरण में होने वाले हर उत्पाद की बाजार में अच्छी खासी कीमत मिल रही है। बेमौसमी सब्जियों का उत्पादन करने, अच्छी नस्ल के गाय भैंसों का पालन करने को कहा। मुख्यमंत्री हरीश रावत को लोगों की बेहतरी की काफी चिंता है। लोगों की आशाओं के अनुरूप कई योजनाएं संचालित की गई हैं। उन्होंने लोगों से विकास योजनाओं का पूरा लाभ उठाने को कहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी ने ग्राम्या के तहत स्थानीय अपेक्षाओं के अनुरूप योजनाओं को तैयार करने को कहा। कार्य योजना को धरातल पर लाने के लिए कड़ी मेहनत करनी होगी। उन्होंने शाकभाजी बेमौसमी सब्जियों के उत्पादन पर जोर दिया। विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष ने ग्राम्या के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह ग्रामीणों द्वारा संचालित योजनाओं को समय से पूरा करने में पूरा सहयोग देें। ब्लॉक प्रमुख मनोहर राम ने कहा कि योजना के क्रियान्वयन में पारदर्शी, दीर्घजीवी नीति अपनाने पर जोर दिया। ग्राम्या के उप परियोजना निदेशक आरके सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने बताया कि विकास खंड में ग्राम्या के 43 ग्राम पंचायतें आच्छादित हैं। ग्रामीणों द्वारा चयनित योजनाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। यहां पहुंचने पर अतिथियों का ढोल नगाड़ों, छोलिया नृत्य से जोरदार स्वागत किया गया। कपकोट के यूनिट अधिकारी आरएस रावत ने संचालन किया। यहां नगर पंचायत अध्यक्ष चंपा देवी, नगर पालिका बागेश्वर की अध्यक्ष गीता रावल, बागेश्वर की प्रमुख रेखा खेतवाल, बीडीओ बीसी पंत, लोहारखेत यूनिट अधिकारी एमसी भट्ट, उद्यान अधिकारी एमपी शर्मा, अरुण बिष्ट, एलएस नेगी, एचएम पांडे, शिखा, मोनिका मेहता, क्रिम जिंथी, पंकज खत्री, बृजेश कुमार, मोहन नेगी, खुशहाल गड़िया समेत ग्राम प्रधान, बीडीसी सदस्य आदि थे।