बागेश्वर। कांडा पंपिंग स्टेशन, घिरौली की बुधवार से ठप पड़ी बिजली आपूर्ति बृहस्पतिवार दोपहर बाद बहाल कर दी गई। फल्यांटी के जंगल में भारी पेड़ गिरने से विद्युत लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी जिसके कारण कांडा पंपिंग योजना का संचालन पूरी तरह बंद हो गया। इससे जुड़े दर्जनों गांवों में पेयजल संकट गहरा गया था।
ऊर्जा निगम के एसडीओ एसएस भंडारी ने बताया कि बिजली बाधित होने की सूचना मिलते ही जेई मदन जोशी के नेतृत्व में तकनीकी टीम को फल्यांटी के जंगल भेजा गया। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद गिरे पेड़ और मलबे को हटाकर क्षतिग्रस्त लाइन की मरम्मत की। इसके बाद बृहस्पतिवार दोपहर बिजली आपूर्ति सुचारू कर दी गई और पंपिंग स्टेशन का संचालन फिर शुरू हो गया।
तीन ग्रामीण मोटर मार्ग अब भी बंद
जिले में लगातार बारिश के कारण तीन ग्रामीण मोटर मार्ग अब भी बंद हैं। इनमें गधेरे का जलस्तर बढ़ने से क्षतिग्रस्त धैना-लखनी-लोहारी-सिल्ली-बंड-कनस्यारी मोटर मार्ग, पुलिया टूटने से बंद खातीगांव-देवतोली मोटर मार्ग तथा भारी मलबा और बोल्डर आने से अवरुद्ध कपकोट-पिंडारी ग्लेशियर-काफलीकमेड़ा मोटर मार्ग शामिल हैं।