कुमाऊं विवि की सेमेस्टर परीक्षाओं के विरोध में एबीवीपी और एनएसयूआई के हुए प्रदर्शन के बाद यहां भी सेमेस्टर परीक्षाओं को अब दो मार्च से आयोजित कराने पर विवि प्रशासन ने सहमति दे दी है।
इससे पूर्व कुमाऊं विश्वविद्यालय की ओर से सेमेस्टर परीक्षाओं में भेदभाव करने का आरोप लगाते हुए एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने एसबीआई तिराहा पर कुलपति का पुतला फूंका। कार्यकर्ताओं ने कहा कि कुलपति परीक्षाओं को लेकर भेदभाव कर रहे हैं।
पुतला फूंकने वालों में मनोज ओली, कुमाऊं सह संयोजक आदर्श कठायत, अंकित नगरकोटी, विशाल नेगी, पंकज कोरंगा, मनीष मनराल, मनोज गोस्वामी, छात्र संघ अध्यक्ष हरीश मेहरा, सचिव कमल नेगी, संजय पपोला, चंदन धामी, सूरज मेहरा, मुकेश जोशी, पवन कठायत, अभय नेगी, अंकित ऐठानी, मोहन, मनोज बचखेती आदि थे।
इधर, एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने महाविद्यालय में परीक्षाओं का विरोध करते हुए हंगामा कर प्राचार्य का घेराव किया। कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन सौंपते हुए परीक्षा तिथि बढ़ाने की मांग की। छात्रों का कहना था कि ऊधमसिंह नगर, नैनीताल और अल्मोड़ा में परीक्षा तिथि बढ़ा दी गई है, जबकि बागेश्वर महाविद्यालय के लिए इस तरह का कोई आदेश नहीं है।
छात्रों के बढ़ते हंगामे के बाद प्राचार्य डा. एससी पंत ने फोन पर कुलपति से वार्ता की। विश्वविद्यालय स्तर से दो मार्च से परीक्षाएं होने संबंधी फैक्स आने के बाद छात्र शांत हुए। घेराव करने वालों में अंकुर उपाध्याय, नवीन चंद्र भट्ट, हिमांशु उपाध्याय, गोकुल परिहार, पंकज परिहार, सुनील पाठक, नीरज सिंह आदि थे।