भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर विधानसभा सामान्य निर्वाचन के प्रयोगार्थ जिले में उपलब्ध ईवीएम मशीन का ऑनलाइन डाटा कार्य का शुभारंभ नौ अगस्त से शुरू करने के लिए राजनीतिक दलों की बैठक हुई।
बैठक में जानकारी दी गई कि डाटा कार्य ऑनलाइन 18 अगस्त तक पूरा हो जाएगा। अपर जिलाधिकारी और उप जिला निर्वाचन अधिकारी एसएस जंगपांगी ने बैठक की अध्यक्षता करते हुए बताया कि चुनाव में पारदर्शिता लाने के उद्देश्य से निर्वाचन आयोग ने ईवीएम मशीन का ऑनलाइन डाटा एंट्री कार्य शुरू किया है।
बैठक में राजकीय पालिटेक्निक कांडा के तकनीशियनों ने राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों को 450 बैलेट यूनिट और 450 कंट्रोल यूनिट की मोबाइल एप के माध्यम से ऑनलाइन डाटा एंट्री की जानकारी दी। एडीएम ने राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों से नौ से 18 अगस्त तक के ईवीएम मशीन के ऑनलाइन प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिभाग करने की अपील की।
इस ऑनलाइन डाटा एंट्री प्रकिया के तहत मशीन की स्थिति, किस जिले में क्या उपलब्ध है और किस बूथ में इसका उपयोग किया जा रहा है की जानकारी मालूम की जा सकेगी। बैठक में तहसीलदार खुशबू आर्या, कांग्रेस प्रतिनिधि किशन सिंह कठायत, भाजपा प्रतिनिधि मथुरा प्रसाद, सपा प्रतिनिधि दीवान सिंह मलड़ा, बसपा प्रतिनिधि सुंदर स्यूनेवाल, सहायक जिला निर्चाचन अधिकारी डीसी आर्या और राजकीय पालिटेक्निक कांडा के प्रधानाचार्य गजेंद्र सिंह आदि थे।