बागेश्वर। बीपीएड, एमपीएड प्रशिक्षित बेरोजगार संगठन ने एसडीएम राकेश चंद्र तिवारी के माध्यम से विद्यालयी शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय को भेजे ज्ञापन में नियुक्ति की मांग की है।
बीपीएड बेरोजगार संगठन के प्रदेश अध्यक्ष जगदीश चंद्र पांडेय के नेतृत्व में शिक्षा मंत्री को भेजे ज्ञापन में कहा गया है कि वर्ष 2011 से नियुक्ति की मांग को लेकर आंदोलन किया जा रहा है लेकिन सरकार न केवल मांग को नजरअंदाज कर रही है बल्कि आंदोलन को कुचलने का प्रयास किया जा रहा है। कहा है कि वर्ष 2005 तक बीपीएड और बीएड प्रशिक्षित को प्राथमिक स्कूल में विशिष्ट बीटीसी के माध्यम से सहायक अध्यापक बनने का मौका मिलता था। अब यह अधिकार भी उनसे छीन लिया गया है। इन लोगों ने कहा है कि उच्च प्राथमिक स्कूलों में व्यायाम शिक्षकों की भर्ती के संबंध में भी राज्य सरकार कोई निर्णय नहीं ले रही है। प्रशिक्षितों ने कक्षा एक से 10 तक शासकीय, अशासकीय स्कूल और इंटर कॉलेजों में व्यायाम शिक्षकों को नियुक्त करने की मांग की है। संगठन ने नई कार्यकारिणी का भी गठन किया है। इसमें भुवन चंद्र पाठक अध्यक्ष, पुष्कर बाफिला उपाध्यक्ष, राजेश जोशी सचिव, राजेंद्र रौतेला संरक्षक, गिरीश मिश्रा सलाहकार बनाए गए।