गरुड़/कांडा (बागेश्वर)। जिले में मानसूनी बारिश के दौरान बिजली लाइनों को भी नुकसान हो रहा है। जगह-जगह बिजली की लाइनों पर पेड़ टूटकर गिर रहे हैं। गरुड़ और कांडा क्षेत्र में तार टूटने से 125 से अधिक गांवों की बिजली रातभर गुल रही। इस दौरान 50 हजार से अधिक की आबादी को परेशानी का सामना करना पड़ा।
गरुड़ विकासखंड के 100 से अधिक गांवों की बिजली रात 11 बजे गुल हो गई थी। पूरी रात आपूर्ति बाधित रही। सुबह बिजली नहीं होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। आइसक्रीम, दूध, पनीर, मक्खन आदि के व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ा। जेई राजेंद्र बोरा ने बताया कि लाइन में पेड़ गिरने से तार टूट गए थे। तार जोड़कर बिजली आपूर्ति सुचारू करा दी गई है।
कांडा तहसील क्षेत्र के कमस्यारघाटी के गांवों की बिजली भी रात में गुल हो गई थी। आपूर्ति बाधित होने से क्षेत्र के 25 से अधिक गांवाें के लोग प्रभावित हुए। दोपहर तक बिजली नहीं आने से ग्रामीणों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। यूपीसीएल के एसडीओ एसएस भंडारी ने बताया कि पेड़ की चपेट में आने से तार टूट गए थे। दोपहर 12:53 पर क्षेत्र की बिजली आपूर्ति सुचारू करा दी गई है।
कपकोट में छह घंटे गुल रही बिजली
कपकोट। तहसील क्षेत्र में सुबह साढ़े पांच बजे बिजली गुल हो गई। क्षेत्र के 70 से अधिक गांवों की सप्लाई ठप होने से लोगों को सुबह रोजमर्रा के कामकाज निपटाने में दिक्कत उठानी पड़ी। बिजली से चलने वाले उपकरण ठप होने से लोग परेशान रहे। एसडीओ एसएस भंडारी ने बताया कि सुबह भारी बारिश के दौरान बिजली गुल हो गई थी। मौसम साफ होते ही 11:15 बजे लाइन की मरम्मत कर आपूर्ति सुचारू करा दी गई।