बागेश्वर। ऊर्जा निगम ने बिजली बिल का बकाया जमा नहीं करने पर बीएसएनएल के आठ मोबाइल टावरों के कनेक्शन काट दिए हैं। बीएसएनएल के पास वैकल्पिक साधन नहीं होने से करीब दस हजार की आबादी संचार सेवा से वंचित हो गई है।
ऊर्जा निगम ने बीएसएनएल को नोटिस भेजकर बकाया जमा करने के लिए 29 फरवरी तक समय देते हुए एक मार्च से कनेक्शन काटने की चेतावनी दी थी। आवश्यक सेवा होने के चलते विभाग ने तीन दिन का अतिरिक्त समय भी दिया गया था। बीएसएनएल के पास संचार आपूर्ति ठप होने के बाद वैकल्पिक व्यवस्था के लिए साधन उपलब्ध नहीं है। लोगों को संचार सेवा बहाल होने के लिए बिजली बकाया भुगतान होने का करना पड़ सकता है।
किनके कटे कनेक्शन और बकाया राशि
टावर - धनराशि
खांकर - 6 हजार
उडेरखानी दाड़ूछीना - 34 हजार
पालड़ीछीना - 21 हजार
कटारमल - 1.94 लाख
खरेरिया - 85 हजार
उड़खुली - 58 हजार
मन्यूड़ा - 1.70 लाख
लोहरचौड़ा - 40 हजार
देरी से मिले हैं बिल
बागेश्वर। बीएसएनएल के जेटीओ हेमंत जोशी ने बताया कि बिजली के अधिकतर बिल देरी से मिले हैं। इनमें वर्ष 2018 के बिल भी शामिल हैं। कई बिल बिना मीटर रीडिंग के दिए गए हैं। उपभोक्ताओं को कोई परेशानी न हो, इसके लिए बिजली बिल के बकाया भुगतान के लिए मुख्यालय से बजट की मांग की गई है। बजट मिलने तक टावरों में जनरेटर चलाने के लिए डीजल की व्यवस्था की जाएगी। महाप्रबंधक कार्यालय अल्मोड़ा को इस संबंध में सूचित कर दिया गया है।
इन 24 टावरों के भी कटेंगे कनेक्शन
नियर डिग्री कॉलेज कठायतबाड़ा, टेलीफोन एक्सचेंज काफलीगैर, दोफाड़, लीती, कर्मी, जौलकांडे, टावर हरसिला, टेलीकॉम कपकोट, कमेड़ीदेवी, एक्सचेंज रवाईखाल, शामा, घिघारतोला, सानिउडियार कांडा, मन्यूड़ा गागरीगोल, बिलौना, सूपी, चौड़ास्थल, हवनतोली, जेठाई, बुड़घुना कांडा, टानीखेत, तहसील रोड बागेश्वर, चौरासी नुमाइशखेत, वज्यूला।
बीएसएनएल को 29 फरवरी तक बिजली बिल भुगतान का बकाया जमा करने का समय दिया था। बकाया भुगतान नहीं होने से कनेक्शन काटे गए हैं। अन्य मोबाइल टावर कनेक्शन काटने के निर्देश दे दिए गए हैं। - भास्कर पांडे, ईई, ऊर्जा निगम बागेश्वर