भनगढ़ गधेरे के पास सड़क पर फैले बिजली के तार से स्कूल जा रहे एक छात्र को करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। भानी गांव निवासी यह छात्र स्वतंत्रता दिवस पर विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग करने जा रहा था।
जानकारी के अनुसार बुधवार को सुबह करीब सवा सात बजे भूस्खलन से भराड़ी- पिंडारी सड़क पर भनगढ़ गधेरे के पास 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन का एक पोल ढहकर सरयू के किनारे गिर गया। इससे बिजली के तार सड़क पर फैल गए। इसी दौरान सड़क से होकर राइंका कपकोट को जा रहे भानी गांव निवासी 11वीं कक्षा के छात्र मनीष कुमार (17) पुत्र लक्ष्मण राम के हाथ से सड़क पर फैले बिजली का तार छू जाने से उसे करंट लग गया। मनीष की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर यूपीसीएल ने लाइन काट दी।
एसआई गोपाल राम ने बताया कि मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे परिजनों को सौंप दिया है। उन्होंने यूपीसीएल और मृतक के परिजनों के बीच हुई आपसी वार्ता के बाद इस मामले में किसी ने भी रिपोर्ट नहीं दी है। पुलिस ने घटना की अपने स्तर से जांच शुरू कर दी गई है। विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने छात्र के निधन पर गहरा शोक जताया है। उन्होंने शासन-प्रशासन से छात्र के परिजनों को अधिक से अधिक से मुआवजा देने की मांग की है। मांग करने वालों में जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष चंपा देवी, कांग्रेेस ब्लाक अध्यक्ष गोविंद ऐठानी, ग्राम प्रधान सीता ऐठानी, नगर अध्यक्ष प्रकाश कांडपाल, गीता ऐठानी, बब्लू ऐठानी और गोविंद बिष्ट आदि शामिल हैं।
अपने माता-पिता का इकलौता चिराग था मनीष
कपकोट (बागेश्वर)। क्षेत्रवासियों के अनुसार मनीष अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी मौत से घर में कोहराम मचा हुआ है। मृतक की मां को बेहोशी के दौरे पड़ रहे हैं। घर में सांत्वना देने वालों का तांता लगा हुआ है। सभी ने मनीष को होनहार छात्र बताया। लोगों ने इस घटना पर गहरा दु:ख और शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना जताई है।
शोक में बंद रहा राइंका कपकोट, नम आंखों से दी मनीष को श्रद्धांजलि
कपकोट (बागेश्वर)। राइंका में बृहस्पतिवार को आयोजित शोकसभा में 11वीं में अध्ययनरत और एनसीसी के कैडेट मनीष कुमार के निधन पर गहरा शोक जताया गया। शिक्षकों, छात्र-छात्राओं ने नम आंखों से छात्र को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना जताई गई। इसके बाद शोक में विद्यालय बंद हो गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य मोहन चंद्र उप्रेती की अगुवाई शिक्षकों ने छात्र के घर जाकर निधन पर दु:ख जताया और सांत्वना दी। उन्होंने परिजनों की सहायता के लिए 10 हजार रुपये की सहायता राशि भेंट की।
एसडीएम ने यूपीसीएल को कारण बताओ नोटिस जारी किया
कपकोट (बागेश्वर)। उपजिलाधिकारी रवींद्र बिष्ट ने बताया कि बिजली का करंट लगने से मनीष की हुई मृत्यु के मामले में यूपीसीएल के अधिशासी अभियंता को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया गया है। ईई को मामले में तीन दिन के भीतर जवाब देने के निर्देश दिए गए हैं।
एसडीएम ने बताया कि क्षेत्र में कई जगह बिजली के पोल टेढ़े हुए हैं। कई जगहों पर तार काफी नीचे तक झुके हैं। इससे लोगों को करेंट लगने की आशंका है। पोलों को ठीक करने और खराब ट्रांसफार्मरों को रास्तों से शीघ्र हटाने के कई बार लिखित और मौखिक निर्देश पहले दिए जा चुके हैं। लेकिन विभाग का इसका कोई असर नहीं पड़ा है। बताया यदि नोटिस का जवाब तीन दिन के भीतर नहीं मिला तो सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। जिस जगह मनीष को करंट लगा वहां का पोल हालांकि भूस्खलन से नीचे गिरा है लेकिन इसमें प्रथम दृष्टया विभाग की लापरवाही प्रतीत हो रही है।
मृतक के परिजनों को शीघ्र मुआवजा दिलाया जाएगा: ईई
कपकोट (बागेश्वर)। यूपीसीएल के अधिशासी अभियंता भाष्कर पांडे ने मृतक के परिजनों को शीघ्र मुआवजा दिलाया जाएगा। इसके लिए फाइल तैयार की जा रही है।