बागेश्वर। राज्य निर्वाचन आयोग से सामान्य प्रेक्षक नरेंद्र सिंह ने चुनाव में लगे अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने मतदान पार्टियों के खाने और रहने की व्यवस्था सरकारी भवन में करने को कहा। राजनीतिक पार्टी के प्रत्याशी से प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से जुड़े कार्मिक चुनाव ड्यूटी में नहीं लगाने के निर्देश दिए।
बृहस्पतिवार को विकास भवन सभागार में आयोजित बैठक में सामान्य प्रेक्षक सिंह ने कहा कि मतदान में लगे कार्मिक किसी भी प्रकार का आतिथ्य स्वीकार नही करेंगे। उन्होंने कार्मिकों को आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने मानक के अनुसार स्ट्रांग रूम बनाने, कर्मचारियों के लिए भोजन, पोलिंग पार्टियों की आवाजाही के लिए वाहन की अच्छी व्यवस्था करने को कहा। कंट्रोल रूम में प्राप्त होने वाली शिकायतों का तत्काल संज्ञान लेते हुए निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस और आबकारी विभाग को अवैध शराब के मद्देनजर रात में भी वाहनों की चेकिंग करने, चेक किए गए वाहनों के नंबर रजिस्टर में दर्ज करने के निर्देश दिए। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी/सीडीओ आरसी तिवारी ने चुनाव की तैयारियों के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
इस मौके पर एडीएम एनएस नबियाल, एसडीएम मोनिका, पीडी शिल्पी पंत, डीडीओ संगीता आर्या, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्रशेखर पांडेय आदि मौजूद रहे।