लोक सभा चुनाव में चप्पे-चप्पे पर निगाह रखने और एक-एक बात का हिसाब रखने की चुनाव आयोग ने तैयारी पूरी कर ली है।
बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में व्यय लेखा अनुवीक्षण टीमों के प्रशिक्षण कार्यक्रम में उप जिला निर्वाचन अधिकारी/ अपर जिलाधिकारी राहुल गोयल ने कहा कि निर्वाचन की अधिसूचना के साथ ही उड़न दस्तों, स्थैतिक टीमें चैक पोस्ट में संदेहास्पद वस्तुओं, शस्त्र, नकदी, मदिरा के साथ ही बिना अनुमति की प्रचार सामग्री को भी जब्त किया जायेगा।
इसकी रसीद भी वाहन स्वामियों को दी जाएगी। हर चैक पोस्ट पर वीडियोग्राफी होगी।सभी टीमें चुनाव की अधिसूचना जारी होते ही सक्रिय हो जाएंगी। पुलिस, सेक्टर मजिस्ट्रेट अधिसूचना से पहले ही सक्रिय हो जाएंगे। केएन तिवारी, विवेक सोनकिया, भावेश जगरिया, कैलाश राम वर्मा, राजेश आर्या, कमल किशोर टम्टा, हेमंत कुमार पंत, राकेश सिंह कंडरी आदि मौजूद थे।
दो विधानसभा क्षेत्रों के लिए छह-छह उड़नदस्ते
व्यय लेखा अनुवीक्षण के मास्टर ट्रेनर वरिष्ठ कोषाधिकारी नीतू भंडारी ने बताया कि जिले की दो विधानसभाओं कपकोट और बागेश्वर के लिए छह-छह उड़नदस्ते बनाए गए हैं। छह वीडियो निगरानी सर्विलांस टीम, एक-एक वीडियो सर्विलांस टीम, एक-एक लेखा टीम बनाई गई हैं।
नामांकन के दिन से जनसभा से लेकर मंच, फर्नीचर, माइक, वाहन और जिन झंडे, टोपी, मफलर पर उम्मीदार का नाम व फोटो हो उसकी वीडियोग्राफी होगी। प्रिटिंग प्रेस अनुमति प्राप्त सामग्री को ही प्रकाशित करने के साथ सामग्री में संख्या, प्रिटिंग प्रेस का नाम अंकित करेंगे। प्रचार सामग्री की भाषा बिना मीडिया प्रमाणीकरण एवं निगरानी समिति की स्वीकृति के मान्य नहीं होगी। वरिष्ठ कोषाधिकारी नीतू ने बताया कि बिना अनुमति वाले वाहन प्रचार से बाहर किये जायेंगे। 20 हजार से अधिक की धनराशि के लिए चेक दिया जाएगा। अधिसूचना के बाद मदिरा के दुकानों की प्रतिदिन की बिक्री का हिसाब रखा जाएगा।