कपकोट (बागेश्वर)। क्षेत्र में बंदरों के हमले बढ़ गए हैं। रविवार को कटखने बंदरों के हमले में बुजुर्ग महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला का सीएचसी कपकोट में उपचार चल रहा है।
कपकोट गांव के दूणी निवासी डिगरी देवी (62) पत्नी लक्ष्मण सिंह अपने घर में थी। इसी दौरान बंदरों के झुंड ने उनपर हमला कर दिया। महिला के पति लक्ष्मण सिंह ने बताया कि अचानक 15-20 बंदरों ने हमला किया। मदद के लिए शोर चिल्लाने पर उन्होंने किसी तरह से बंदरों को भगाया। बताया कि बंदरों ने उनके हाथ और सिर पर गहरे जख्म कर दिए जिससे वह लहूलुहान हो गई। बाद में परिजन घायल महिला को सीएचसी कपकोट लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार किया।
सीएचसी कपकोट के चिकित्सक डॉ. प्रतीक ने बताया कि महिला का उपचार कर उन्हें रैबीज का टीका लगाकर घर भेज दिया है। सूचना पर वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। ग्रामीणों ने वन विभाग से आबादी क्षेत्रों में बढ़ते बंदरों को पकड़ने की मांग की है।
रेंजर रमेश चंद्र जोशी ने बताया कि क्षेत्र में कटखने बंदरों से निजात दिलाने के लिए उन्हें पकड़ कर रेस्क्यू सेंटर भेजा जाएगा। प्रभावित महिला को नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा।