बागेश्वर। डिग्री कॉलेज कपकोट में स्नातक के बीए प्रथम सेमेस्टर में समर्थ पोर्टल पर ऑनलाइन प्रवेश की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इच्छुक छात्र-छात्राएं समर्थ पोर्टल की आधिकारिक वेबसाइट पर 30 मई तक प्रथम चरण और 31 जून तक दूसरे चरण का आवेदन कर सकते हैं।
डिग्री कॉलेज कपकोट में बीए से स्नातक करने वाले छात्र-छात्राओं के लिए ऑनलाइन आवेदन के प्रथम चरण की प्रक्रिया 30 मई तक चलेगी। इसमें 267 सीटों के लिए आवेदन किया जाएगा। प्रथम चरण में मोबाइल नंबर और ईमेल के साथ प्रोफाइल खोलनी पड़ेगी। इसके लिए 50 रुपये का शुल्क भी ऑनलाइन माध्यम से जमा किया जाएगा। दूसरे चरण में एक जून से 30 जून तक कॉलेज और विषयों का चयन करना होगा। दोनों चरणों की प्रक्रिया पूरी करने के बाद पंजीकरण फॉर्म की एक प्रति महाविद्यालय में जमा करनी होगी। आवेदनकर्ता को अपनी सभी जानकारी समर्थ पोर्टल पर अपलोड करनी होगी। प्राचार्य डॉ. बीसी तिवारी ने बताया कि ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया का पहला चरण 24 मई से शुरू हो गया है। पहले स्नातकोत्तर में बीए के लिए आवेदन लिए जा रहे हैं। जल्द अन्य कक्षाओं के आवेदन भी शुरू हो जाएंगे।