बागेश्वर। बागेश्वर में फिर एक बार भूकंप का झटका आया। भूकंप का एहसास होते ही लोग घरों से बाहर निकल आए। भूकंप से किसी तरह के नुकसान की कोई सूचना नहीं है। इसी महीने 13 दिन के भीतर तीसरा जलजला आने से लोग दहशत में हैं। सोमवार अपरान्ह 3 बजकर 19 मिनट 39 सेकेंड पर भूकंप का झटका महसूस किया गया। जिला मुख्यालय के साथ ही कपकोट में भी भूकंप का झटका महसूस किया गया।
कपकोट से मिली जानकारी के अनुसार लोग घरों से बाहर निकल आए। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल ने बताया कि रियक्टर पैमाने में भूकंप की तीव्रता 3.6 आंकी गई। भूकंप का केंद्र बागेश्वर था। बीते 10 अप्रैल की देर रात 2.51 बजे भी 3.1 तीव्रता का भूकंप आया था। उससे पहले एक अप्रैल को भी भूकंप आया था। लगातार आ रहे भूकंप से लोग आशंकित हैं।