बागेश्वर। जिला अस्पताल में भर्ती डायरिया के मरीजों को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है। गांव में इलाज करा रहे मरीजों के स्वास्थ्य में भी सुधार है। सोमवार को स्वास्थ्य विभाग के दो चिकित्सक गांव जाकर सभी मरीजों के स्वास्थ्य की जांच करेंगे।
काफलीगैर तहसील के सिया गांव में डायरिया की चपेट में आने से पांच वर्षीय निकिता की मौत हो गई थी और 16 अन्य लोग बीमार थे। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव जाकर मरीजों की जांच की और शनिवार को 108 की मदद से अधिक बीमार हुए भवान सिंह (70) पुत्र दौलत सिंह, राजेंद्र सिंह (63) पुत्र दौलत सिंह, दीना देवी (38) पत्नी नंदन सिंह, इंद्रा देवी (30) पत्नी हरीश चंद्र सिंह, प्रिया (13) पुत्री नंदन सिंह, नेहा रावत (12) पुत्री दिनेश सिंह और गीतांजलि (03) पुत्री हरीश सिंह को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। बाकी नौ मरीजों की हालत अधिक गंभीर नहीं थी जिस पर उनका गांव में ही इलाज किया गया।
प्रभारी सीएमओ डॉ. पीएस जंगपांगी ने बताया कि रविवार को सभी लोगों को डिस्चार्ज कर दिया गया है। समय पर इलाज नहीं कराने से उनकी तबीयत ज्यादा खराब हो गई थी। फिलहाल सभी मरीजों की हालत सामान्य है। सोमवार को डॉ. आकाश और डॉ. प्रमोद को गांव भेजकर सभी मरीजों की फिर जांच कराई जाएगी।