बागेश्वर की माल रोड पर लगा जाम।
- फोटो : अमर उजाला
अतिक्रमण और सड़कों पर बढ़ते वाहनों के दबाव के कारण जिला मुख्यालय में रोज जाम लग रहा है। सोमवार को दिन भर सड़कों पर जाम लगता रहा। यहां तक कि कुछ स्थानों पर राहगीरों को भी आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
बागेश्वर नगर के आंतरिक मोटर मार्ग बेहद संकरे हैं। नेशनल व स्टेट हाइवे सहित तमाम सड़कें पहले से ही अतिक्रमण की चपेट में हैं। कुछ स्थानों पर सड़कों की नालियों को भी अतिक्रमणकारियों ने ढक दिया है।
सड़कों में अतिक्रमण के साथ ही अब वाहनों का दबाव भी दिनों-दिन बढ़ता जा रहा है। पार्किंग स्थल नहीं होने से वाहनों को सड़कों के किनारे ही पार्क किया जा रहा है। इससे आए दिन जाम लग रहा है। बड़े वाहन के प्रवेश करते ही माल रोड, तहसील रोड और पिंडारी रोड में जाम लगना आम बात हो चुकी है।
स्कूल समय में स्थिति बेकाबू हो जाती है। होली पर्व के बाद सोमवार को विभिन्न रूटों में वाहनों का भारी दबाव रहा। इससे नगर में खासी गहमागहमी रही। दिन भर सड़कों में जाम लगने के कारण वाहन सड़कों पर रेंगते नजर आए। एसबीआई तिराहे पर सड़क में राहगीरों के चलने लायक भी स्थान नहीं मिला।