कपकोट (बागेश्वर)। तहसील क्षेत्र में एक अदद पेट्रोल, डीजल पंप भी नहीं है। इस कारण वाहन चालकों, मालिकों को कई परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं। चालक, मालिकों को पेट्रो पदार्थ खरीदने के लिए यहां से 15 से 60 किमी दूर जिला मुख्यालय जाना पड़ रहा है। नजदीक में पंप न होने के कारण डीजल चालित कारोबार से जुड़े लोग भी खासे परेशान हैं। विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने सांसद से पेट्रोल पंप शीघ्र स्थापित कराने को कहा है।
क्षेत्र में छोटे वाहनों की संख्या 300 से भी अधिक पहुंच गई है। यहां डीजल चालित कई लघु उद्योग हैं। क्षेत्र में जल विद्युत परियोजनाओं का निर्माण किया जा रहा है। सड़कों आदि निर्माण कार्यों पर कई जेसीबी, कंप्रेशर मशीनें लगी हुई हैं। यह सब डीजल से चलते हैं। क्षेत्र में डीजल, पेट्रोल पंप न होने के कारण वाहन चालकों, मालिकों, कारोबारियों को परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं। उन्हें पेट्रो पदार्थों के लिए यहां से 60 किमी दूर जिला मुख्यालय जाना पड़ता है।
कुछ कारोबारी जिला मुख्यालय से पेट्रो पदार्थ मंगाते हैं। इसके लिए उन्हें काफी भाड़ा देना पड़ रहा है। चालकों, मालिकों ने बताया कि उन्होंने पंप खुलवाने के लिए कई बार मांग की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने सांसद अजय टम्टा से पंप खोलने के लिए शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की है। मांग करने वालों में टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष आनंद शाही, महेश बघरी, प्रकाश वर्मा, अजय कार्की, नंदन कोरंगा, पदम सिंह बिष्ट, महेश कपकोटी आदि शामिल हैं।