शुक्रवार की देर सायं तहसील रोड में नशे में धुत होकर सड़क किनारे खड़े वाहनों को टक्कर मारने वाले चालक को न्यायालय से जमानत मिल गई है। पुलिस ने डंपर सीज कर दिया है। क्षतिग्रस्त कार चालक ने पुलिस को तहरीर देकर डंपर चालक पर कार्रवाई की मांग की है।
शुक्रवार की देर सायं तहसील रोड में डंपर संख्या यूके 04 सीबी-0868 के चालक कुंवर सिंह कोरंगा निवासी रीठाबगड़, कपकोट ने तहसील रोड में जमकर तांडव मचाया। गोमती पुल से लेकर तहसील मुख्यालय के गेट तक आरोपी चालक डंपर से कई वाहनों को टक्कर मारता हुआ चलता रहा। बेकाबू डंपर ने गोमती पुल के समीप साइकिल चालक अनिल भाकुनी को टक्कर मारी। इसके बाद टीआरसी के समीप खड़ी स्विफ्ट कार संख्या यूके 02- 4747 तथा वहां खड़ी स्कूटी पर टक्कर मार दी। इस दौरान तहसील रोड में पर खड़े 28 वर्षीय सचिन को भी चोट आई है। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने नशे में धुत डंपर चालक कुंवर सिंह को गिरफ्तार कर डंपर सीज कर दिया। कोतवाल टीआर वर्मा ने बताया कि शनिवार को आरोपी चालक को सीजेएम की अदालत में पेश किया गया। न्यायालय से आरोपी चालक को जमानत मिल गई है।