बागेश्वर। काफलीगैर तहसील के ओखलीसिरौंद में निर्माणाधीन सड़क पर सोलिंग की गिट्टी डालने गया डंपर चालक रोलर और डंपर के बीच फंसकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
चालक को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं गिट्टी डालने में मदद कर रहे साथी का इलाज चल रहा है।
जीत नगर मंडलसेरा (बागेश्वर) निवासी चालक बहादुर राम (36) बृहस्पतिवार को ओखलीसिरौंद में सड़क के लिए सोलिंग की गिट्टी डंपर में लेकर गया। गिट्टी उतारते समय डंपर का पहिया जमीन में धंस गया, जिसे निकालने के लिए रोड पर सोलिंग का कार्य कर रहे रोलर की मदद ली गई। रस्सी से फंसाकर रोलर की मदद से डंपर को खींचने का प्रयास किया गया, तभी रोलर अनियंत्रित होकर डंपर के पास आने लगा। रस्सी ठीक से बांधने की कोशिश कर रहे चालक का ध्यान रोलर की ओर नहीं था और उसका पांव रोलर और डंपर के बीच फंस गया। घटना में चालक का पांव पूरी तरह फ्रेक्चर हो गया। खून अत्यधिक बहने से उसे सीएचसी ताकुला से अल्मोड़ा रेफर किया गया।
अल्मोड़ा जिला अस्पताल में उपचार के दौरान बृहस्पतिवार रात उसकी मौत हो गई। हादसे के समय गिट्टी निकालने में मदद कर रहा खौलसीर निवासी कैलाश राम भी बुरी तरह घायल है, जिसका इलाज अल्मोड़ा अस्पताल में चल रहा है। झिरौली थानाध्यक्ष सुरभि राणा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।