फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Uttarakhand News: कब टपकेंगी उम्मीद की बूंदें...हर घर नल, नहीं मिल रहा जल, ग्रामीण एक किमी दूर से ढो रहे पानी

Sat, 25 Oct 2025 02:05 PM IST
हीरा मेहरा अमर उजाला नेटवर्क, बागेश्वर

सार

बागेश्वर जिले के सिया गांव में हर घर नल, हर घर जल योजना का सपना धुंधला हो रहा है। गांव के लगभग 25 परिवारों को गंभीर जलापूर्ति संकट का सामना करना पड़ रहा है।

 
विज्ञापन
शायद नल को देखकर यही पूछते का प्रयास कर रहे सिया गांव के एक ग्रामीण - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हर घर नल, हर घर जल योजना का सपना बागेश्वर के सिया गांव में धुंधला पड़ता दिख रहा है। गांव में नल तो हर घर तक पहुंचे लेकिन इनमें से जल नहीं टपक रहा। पिछले एक महीने से ग्रामीणों को पानी लाने के लिए एक किलोमीटर दूर तक का सफर तय करना पड़ रहा है।

सिया गांव के करीब 25 परिवारों के लिए पानी जुटाना सबसे बड़ी चुनाैती बन गई है। 12 से 13 परिवारों के नलों में तो एक बूंद नहीं आ रही। बाकी घरों में पानी कभी सुबह तो कभी शाम को कुछ मिनटों के लिए ही आता है। ग्रामीण मोहन लाल, कुंदन राम, हरी राम, बालम प्रसाद, अनिल कुमार आदि का कहना है कि कई बार विभागीय अधिकारियों को समस्या बताई लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

लगातार बढ़ते संकट और प्रशासनिक उदासीनता से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ रही है। उन्होंने प्रशासन से स्थायी समाधान कराने की मांग की है। लोगों ने चेताया है कि यदि शीघ्र आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे।

बाल्टी-कनस्तर लेकर रोज की मशक्कत

विज्ञापन

गांव के लोग अब एक किमी दूर प्राकृतिक स्रोत से सिर पर पानी लादकर घर ला रहे हैं। महिलाओं और बुजुर्गों के लिए यह रोज का संघर्ष बन गया है। पानी भरने में आधा दिन निकल जाता है जिससे खेत-खलिहान और अन्य कामकाज पर भी असर पड़ रहा है।

 

बोले ग्रामीण

 

जब तक सरयू पंपिंग योजना से पानी आता था, कोई दिक्कत नहीं थी। हर घर नल योजना से जोड़ने के बाद तो पानी का नामोनिशान ही नहीं है। ग्रामीण आए दिन दिक्कत झेल रहे हैं। - मनोज कुमार, ग्रामीण

हर घर नल तो लग गया पर नल सिर्फ सजावट बनकर रह गया। पानी के लिए फिर वही पुराने झरने का सहारा लेना पड़ रहा है। - सरोजनी देवी, ग्रामीण

सिया गांव के बारे में विभाग को अब तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। लाइनमैन को भेजकर जांच कराई जाएगी। - दीनदयाल टम्टा, प्रभारी ईई, जल संस्थान

विज्ञापन

 

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें