बागेश्वर में ट्रामा सेंटर का निरीक्षण करती डीएम।
- फोटो : amar ujala
जिलाधिकारी रंजना राजगुरु ने बृहस्पतिवार को जिला अस्पताल और ट्रामा सेंटर का निरीक्षण किया। उन्होंने सभी डॉक्टरों को बाहर की दवा न लिखने की सख्त हिदायत दी। ट्रामा सेंटर भवन की सीढ़ियों में अत्यधिक ढलान मिलने पर उन्होंने सीएमएस को तत्काल इन्हें ठीक कराने के निर्देश दिए।
डीएम ने सबसे पहले अस्पताल की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने शौचालय, दवा वितरण कक्ष, डिलीवरी कक्ष सहित सभी वार्डों का निरीक्षण किया। अस्पताल में भर्ती मरीजों का हाल जाना और उनसे सुविधाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
सभी डॉक्टरों को मरीजों के लिए अस्पताल की ही दवा लिखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाहर से दवा लिखने की शिकायत को गंभीरता से लिया जाएगा। डीएम ने सभी वार्डों के टूटे शीशे के दरवाजों को दुरुस्त करने और हर वार्ड में हीटर आदि लगाने को कहा। अस्पताल के उपकरणों की साफ सफाई और रखरखाव पर भी ध्यान देने के निर्देश दिए। सभी वार्डों और सीढ़ियों में सीसीटीवी कैमरे लगाने को कहा। ब्लड स्टोरेज सेंटर और ट्रामा सेंटर का निरीक्षण भी किया। ट्रामा सेंटर की सीढ़ियों को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए। वहीं अस्पताल परिसर में वाहनों को पार्क करने पर नाराजगी जताई।
निरीक्षण के दौरान उनके साथ अपर जिलाधिकारी राहुल गोयल, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. बसंत कुमार, डॉ. राजीव उपाध्याय, विकास वर्मा, अंजल पटेल, अजय मोहन शर्मा, देवेंद्र सिंह दोसाद आदि शामिल थे।