बागेश्वर में बाल श्रम संबंधी बैठक करतीं डीएम रंजना राजगुरु।
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। जिले में बाल श्रम रोकने के लिए बनाई गई टास्क फोर्स समिति की बैठक में डीएम रंजना राजगुरु ने बाल श्रम प्रवर्तन अधिकारी सुरेश चंद्र से बाल श्रमिकों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बाल श्रम रोकने के लिए हरसंभव प्रयास करने के निर्देश दिए।
बैठक में बाल श्रम प्रवर्तन अधिकारी ने डीएम को बताया कि जिले में बाल श्रम रोकने के लिए बाल एवं किशोर श्रमिकों का सर्वेक्षण किया जाना है, जिसका सर्वेक्षण ग्राम विकास अधिकारी, ग्राम पंचायत विकास अधिकारी, पटवारी, ईओ नगर पालिका/नगर पंचायत से कराया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सर्वेक्षण के दौरान बाल एवं किशोर श्रमिकों की अलग सूचियां बनेंगी। श्रम प्रवर्तन अधिकारी एवं जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक संयुक्त रूप से इसका परीक्षण करेंगे। छह से आठ वर्ष आयु वर्ग के बाल श्रमिकों का नियमित विद्यालय में प्रवेश, नौ से 14 वर्ष आयु वर्ग के चिन्हित बाल श्रमिकों के लिए विशेष प्रशिक्षण केंद्र (एसटीसी) बनाया जाएगा।
डीएम ने आमजन मानस से भी अपील की है कि उनके क्षेत्र में यदि कहीं बाल श्रम जैसा मामला प्रकाश में आता है तो उसकी सूचना तत्काल प्लेटफॉर्म फॉर इफेक्टिव इनफोर्समेंट फॉर नो चाइल्ड लेबर (पेंसिल) पोर्टल पर दें। इसकी सूचना मुख्य विकास अधिकारी/नोडल अधिकारी बाल श्रम, जिला कार्यालय, श्रम प्रवर्तन अधिकारी एवं पुलिस विभाग को भी दी जा सकती है। बैठक में एडीएम राहुल कुमार गोयल, सीओ संगीता, डीईओ पद्मेंद्र सकलानी, जिला समाज कल्याण अधिकारी एनएस गस्याल, एसीएमओ डॉ. एनएस टोलिया, डीपीआरओ रामपाल सिंह आदि मौजूद थे।