डीएम मंगेश घिल्डियाल ने कैशलेस पेमेंट के बजाय नकद भुगतान करने पर नाराजगी जताई है। उन्होंने कैशलेस के बजाय कैश में पेमेंट करने वाले विभागों की सूची तलब की है। जिलाधिकारी ने सभी विभागों के अधिकारियों को किसी भी मद में नकद भुगतान नहीं करने के सख्त निर्देश दिए हैं।
विभागीय अधिकारियों की बैठक लेते हुए डीएम ने कहा कि अब हर हाल में कैशलेस पेमेंट किया जाना है। उन्होंने कहा कि जो विभाग कैश से पेमेंट कर रहे हैं वे एक सप्ताह के अंदर किस मद में कितना नकद भुगतान हुआ इसकी सूची उपलब्ध कराएं। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि जो विभाग नकद भुगतान कर रहे हैं वह यह सुनिश्चित कर लें कि अब किसी भी स्थिति में नकद भुगतान नहीं होगा। विभाग ई-पेमेंट प्रणाली को अपनाएं और एक सप्ताह के अंदर सूची उपलब्ध करायें।
उन्होंने नगद भुगतान करने वाले विभागों को आम लोगों को कैशलेस के बारे में जागरूक करने के लिए एक एप तैयार करने के निर्देश दिए। कहा कि हर हाल में कैशलेस पेमेंट किया जाना है। सभी विभागीय अधिकारियों को यह बात याद रखनी होगी। इस मौके पर जिला योजना की वर्ष 2017-18 की संरचना के संबंध में अधिकारियों को औचित्य पूर्ण प्रस्ताव बनाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने पिछली देनदारी का पूरा विवरण भी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।