बागेश्वर। डीएम मंगेश घिल्डियाल ने शनिवार को प्राइमरी स्कूल रैखोली और हाइस्कूल बिलौना का औचक निरीक्षण किया। विद्यालय में देर से पहुंचने पर डीएम ने प्रेरक को कड़ी फटकार लगाते हुए समय से विद्यालय पहुंचने के निर्देश दिए। एमडीएम में एक्सपायरी डेट के मसाले मिलने, बिलौना में आठवीं, 10वीं कक्षाओं के बच्चों द्वारा सवालों का सही उत्तर न देने पर नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित शिक्षकों को कड़ी फटकार लगाते हुए शिक्षा के स्तर में गुणात्मक सुधार लाने को कहा।
मिड-डे-मील सामग्री पंजिका का अवलोकन करने पर उन्होंने चावल, दाल आदि सामग्री का परीक्षण कर शिक्षक को बच्चों के भोजन में शुद्ध सामग्री प्रयुक्त करने के निर्देश दिए। डीएम ने बच्चों से गणित, हिंदी आदि विषयों के प्रश्न पूछे; संतोषजनक उत्तर न मिलने पर उन्होंने शिक्षक को पढ़ाई में विशेष ध्यान देने को कहा।
उन्होंने शौचालय, पेयजल व्यवस्था, आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। टीकाकरण की जानकारी भी ली। इसके बाद डीएम ने राजकीय हाइस्कूल बिलौना का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नौ कंप्यूटर में से एक ही कंप्यूटर चालू हालत में मिला। उन्होंने प्रधानाचार्य को कंप्यूटरों की मरम्मत के लिए सीईओ को पत्र लिखने के निर्देश दिए।
उन्होंने एमडीएम में एक्सपायरी डेट के मसाले प्रयोग में लाने पर नाराजगी जताई। उन्होंने विज्ञान वर्ग के बच्चों को प्रयोगात्मक अभ्यास कराने को कहा। विद्यालय में नए सत्र को लेकर अभिभावक संघ की बैठक में शिरकत करते हुए डीएम ने अभिभावकों से हर बैठक में आने को कहा। निरीक्षण के दौरान प्रधानाचार्य नूर अफजल सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक मौजूद थे।