बागेश्वर। त्योहार के दौरान बाजार से मिठाइयों की खरीददारी करना और उनका सेवन करना कई लोगों के लिए भारी पड़ गया। मिलावटी और खराब मिठाइयों के सेवन से अचानक 20 से अधिक लोगों की तबीयत बिगड़ गई, जिन्हें पेट दर्द, उल्टी और दस्त की शिकायत के बाद उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। एक साथ इतनी बड़ी संख्या में फूड पॉइज़निंग और पेट दर्द के मरीज पहुंचने से स्वास्थ्य विभाग में भी अफरा तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रभावित लोगों ने स्थानीय बाजारों से मिठाइयां खरीदकर खाई थीं। कुछ ही देर बाद उनके पेट में तेज दर्द शुरू हो गया और धीरे-धीरे उल्टी-दस्त की दिक्कतें बढ़ने लगीं। हालत गंभीर होने पर परिजन तुरंत उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने सभी का प्राथमिक उपचार किया। इस घटना के बाद से बाजार में धड़ल्ले से बिकने वाली मिठाइयों और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने खाद्य सुरक्षा विभाग से मांग की है कि त्योहारी सीजन और सामान्य दिनों में भी मिठाई की दुकानों पर औचक निरीक्षण किया जाए तथा घटिया सामग्री बेचने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।
कोट
त्योहारों के सीजन में मिलावटी या बासी खाद्य पदार्थों के सेवन से पेट खराब होने और फूड पॉइजनिंग के मामले सामने आते हैं। अस्पताल पहुंचे सभी 20 से अधिक मरीजों का समय पर उपचार कर दिया गया है और फिलहाल सभी की स्थिति खतरे से बाहर है।
-डॉ. राजीव उपाध्याय, प्रभारी सीएमएस, जिला अस्पताल बागेश्वर