निर्माणाधीन धरमघर-माजखेत सड़क के निर्माण में की जा रही जा रही लापरवाही की जांच की मांग को लेकर धरमघर, कराला, द्वारी, चुचेर आदि गांवों के लोगों ने कलक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। उन्होंने डीएम से मिलकर कार्यदायी संस्था पर सड़क के निर्माण में लापरवाही करने का आरोप लगाया। कहा कि निमार्ण कार्य काफी धीमी गति से हो रहा है। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता की भी जांच कराने की मांग की।
बागेश्वर और पिथौरागढ़ की सीमा में पड़ने वाले कराला, द्वारी, चुनेर समेत कई गांवों को सड़क से जोड़ने के लिए बनाई जा रही इस सड़क का निर्माण पीएमजीएसवाई खंड कपकोट द्वारा किया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क का निर्माण कार्य मई 2018 में पूरा होना है, लेकिन अभी तक निर्माण कार्य करीब 20 प्रतिशत ही हो पाया है। इसमें भी काफी लापरवाही की गई है।
कराला की प्रधान वीना पाठक, मोतिमा देवी, गंगा सिंह पांगती आदि ने कहा कि सड़क की सही तरीके से कटिंग नहीं की गई है। सोलिंग का कार्य भी कुछ-कुछ ही जगहों पर किया गया है। दीवारों की गुणवत्ता भी ठीक नहीं है।
उन्होंने डीएम से निर्माण कार्य की जांच कराने, सड़क का निर्माण कार्य समय सीमा के अंदर पूरा कराने की मांग की है। जिलाधिकारी रंजना राजगुरु ने ग्रामीणों को मौका मुआयना कर जांच कराने का आश्वासन दिया। प्रदर्शन करने वालों में खीम सिंह, मान सिंह, त्रिलोक सिंह, उदय सिंह, महिमाप सिंह, कमल समेत कई ग्रामीण शामिल थे।