सस्ता गल्ला विक्रेता संगठन की बैठक में विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई। गल्ला विक्रेताओं ने जिले के सभी गोदामों में धर्मकांटे लगाने और राशन तोलकर दिए जाने की मांग उठाई। गल्ला विक्रेताओं ने 2011 के पूर्व के बिलों का भुगतान नहीं करने पर भी नाराजगी जताई।
सस्ता गल्ला विक्रेता संगठन के अध्यक्ष लछम सिंह मेहरा की अध्यक्षता में स्थानीय राधाकृष्ण मंदिर के परिसर में आयोजित बैठक में गल्ला विक्रेताओं ने कहा कि तौल की व्यवस्था नहीं होने से उन्हें नुकसान उठाना पड़ता है। इसके लिए उन्होंने सभी गोदामों में धर्मकांटे लगाने की मांग उठाई।
सभी मदों में गेहूं, चावल और चीनी एक साथ देने, दुकान का किराया, स्टेशनरी का खर्च, किराया भाड़ा और पल्लेदारी का लदाई, उतराई प्रचलित प्रचलित दरों में देने, एसएफवाई और चीनी में लाभांश एनएफएसए अंत्योदय के बराबर 143 रुपये देने की मांग उठाई।
सस्ता गल्ला विक्रेताओं ने आधार नंबर के लिए दो माह का समय देने की मांग भी की। बैठक में गणेश रावत, संतोष कांडपाल, जसवंत सिंह, नवीन चंद्र आर्या, प्रेम सिंह, उत्तम सिंह, जगदीश प्रसाद, नंद किशोर, धीरज चंद, सुंदर सिंह, पूरन सिंह, राम सिंह आदि सस्ता गल्ला विक्रेता उपस्थित थे।